
नागौर में करवाचौथ की रौनक: 9 बजे चंद्रदर्शन के बाद व्रती महिलाओं ने खोला उपवास
Listen News
Audio Summary
पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिनों ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखा। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं ने शाम को चौथ माता, भगवान गणेश और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।
हमारे नागौर संवाददाता के अनुसार, नागौर शहर में शाम करीब 8:30 बजे चंद्रमा निकले, लेकिन आसमान में बादलों के छाए रहने के कारण चांद आधे घंटे तक लुका-छिपी करता रहा। इसके बाद करीब 9 बजे चंद्रमा साफ नजर आया, जिसके बाद महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपना व्रत खोला। पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रती महिलाओं ने उपवास पूरा किया। चांद के दीदार के लिए महिलाएं छतों और घरों के बाहर इंतजार करती नजर आईं।
पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह
शहर में पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। पारंपरिक वेशभूषा, सोलह श्रृंगार और पूजा की तैयारियों के साथ सुहागिनों ने करवा चौथ की परंपरा निभाई। इधर, खाई की गली स्थित माताजी के मंदिर में भी महिलाओं ने एकत्र होकर करवा चौथ की पूजा-अर्चना की।
10-15 साल से व्रत कर रही महिलाओं ने किया उद्यापन
इस वर्ष करवा चौथ पर कई घरों में उन महिलाओं ने व्रत का उद्यापन भी किया, जो पिछले 10 से 15 साल से लगातार यह व्रत रख रही थीं। उद्यापन के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया। संजय कॉलोनी में महिला मंडल की रेणु, विनीता, रिंकू और प्रेम सहित अन्य महिलाओं ने उद्यापन कार्यक्रम में भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न की और एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं।
📲 खबर पसंद आई?
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें!

Written & Verified By
नागौर के युवा पत्रकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ। अभिषेक जी को ग्रामीण विकास और स्थानीय समस्याओं के सटीक विश्लेषण का गहरा अनुभव है।