
नागौर: शातिर चोर गिरोह गिरफ्तार, 12 व 8 मामलों में 2 आरोपी पकड़े
Listen News
Audio Summary
हमारे नागौर संवाददाता के अनुसार...
शहर में बंद दुकानों और गैरेज के शटर तोड़कर सेंधमारी करने वाले शातिर चोरों की जोड़ी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मास्टरमाइंड आमीन खान (27) और गजानंद शर्मा (32) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
महंगी एक्सेसरीज के साथ लाखों की चोरी का खुलासा
बीकानेर रोड पर राजस्थान पेट्रोल पंप के सामने स्थित महादेव कार डेकोर के मालिक रामकिशोर सारण ने 30 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23-24 अक्टूबर की रात चोरों ने दुकान के पीछे का शटर तोड़कर प्रवेश किया। चोर दुकान से महंगी एलईडी लाइटें, हॉर्न, फॉग लैंप, स्पीकर, कैमरे, जीपीएस और परफ्यूम सहित करीब 5.50 लाख रुपए का सामान समेट ले गए।
तकनीकी और मुखबिर की सूचना से चढ़े हत्थे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आशाराम चौधरी के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी नंदलाल रिणवां की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आमीन खान और गजानंद को दस्तयाब कर कड़ी पूछताछ की। सघन पूछताछ में दोनों ने शटर के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
- गजानंद शर्मा पुत्र गणेश प्रसाद (08 प्रकरण): निवासी महाराणा प्रताप कॉलोनी (कोतवाली, नागौर)। इसके खिलाफ कोतवाली नागौर थाने में चोरी, नकबजनी, अपहरण व अन्य गंभीर धाराओं के कुल 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- आमीन खान पुत्र भंवरू खान (12 प्रकरण): निवासी कायमखानी की ढाणियां अमरपुरा (सदर, नागौर)। इसके खिलाफ कोतवाली नागौर, सदर नागौर, गंगाशहर (बीकानेर) और जसरासर (बीकानेर) में चोरी (धारा 379, 380, 457), जानलेवा हमला (धारा 307) व एससी-एसटी एक्ट के कुल 12 मामले दर्ज हैं। जिसमें से 11 चोरी से संबंधित हैं।
गिरोह बनाकर करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी लंबे समय से गिरोह बनाकर केवल बंद दुकानों, मोटर गैरेज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते आ रहे हैं। रात के समय शटर और ताले तोड़कर मिनटों में लाखों की कीमती एक्सेसरीज साफ कर देना इनकी पुरानी आदत है। पुलिस को आशंका है कि इनकी गिरफ्तारी से नागौर, डीडवाना, बीकानेर, जोधपुर, रोल, नोखा और चूरू क्षेत्र की कई अन्य चोरियों के खुलासे की उम्मीद है।
📲 खबर पसंद आई?
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें!

Written & Verified By
नागौर के युवा पत्रकार और डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ। अभिषेक जी को ग्रामीण विकास और स्थानीय समस्याओं के सटीक विश्लेषण का गहरा अनुभव है।